कृषि यांत्रिकरण मेले का डीएम ने किया उद्घाटन ठंड में भी उमड़े किसान, आधुनिक खेती को लेकर दिखा उत्साह

कृषि यांत्रिकरण मेले का डीएम ने किया उद्घाटन
ठंड में भी उमड़े किसान, आधुनिक खेती को लेकर दिखा उत्साह
- बहादुरपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला शुरू
- 1200 किसानों को कृषि यंत्र अनुदान का लाभ
- मेले के पहले दिन 10 लाख रुपये के यंत्रों की बिक्री
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा – संयुक्त कृषि भवन, बहादुरपुर, दरभंगा के प्रांगण में जिला स्तरीय दो दिवसीय कृषि यांत्रिकरण मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने यह साबित कर दिया कि अब जिले के किसान आधुनिक खेती को अपनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
जिलाधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि यांत्रिकरण मेला हर वर्ष किसानों को नई तकनीक और आधुनिक कृषि यंत्रों से जोड़ने का मजबूत माध्यम बन रहा है। सरकार द्वारा कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है, जिससे किसानों की लागत घटे और उत्पादन बढ़े। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले में 3800 किसानों ने कृषि यंत्रों के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 1200 किसानों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से अनुदान हेतु किया गया है। शेष आवेदनों के संबंध में विभाग को प्रतिवेदन भेजने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया गया है।
डीएम ने कहा कि अब किसान सिर्फ धान और गेहूं तक सीमित न रहें, बल्कि दलहन और तेलहन की खेती को भी अपनाएं, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहे और आमदनी बढ़े। उन्होंने किसान सलाहकार, एटीएम और बीटीएम को निर्देश दिया कि हर पंचायत में साप्ताहिक किसान गोष्ठी आयोजित कर योजनाओं की जानकारी किसानों तक समय पर पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि किसान सलाहकार, एटीएम एवं बीटीएम प्रतिदिन कम से कम 100 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करें। उन्होंने पराली प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों के अधिक उपयोग पर भी जोर दिया और कहा कि कृषि यांत्रिकरण के माध्यम से खेती को आसान, आधुनिक और अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
मेले के दौरान तीन कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना के लिए ट्रैक्टर की डेमो चाबी का वितरण किया गया। चयनित किसानों को मैनुअल कृषि यंत्र किट भी प्रदान की गई। बताया गया कि कृषि यांत्रिकरण योजना पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी है, जिसमें किसी प्रकार का मैन्युअल हस्तक्षेप नहीं है। कृषि विभाग द्वारा बुआई से लेकर भंडारण तक कुल 91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है।
मेले के पहले दिन लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के कृषि यंत्रों की बिक्री दर्ज की गई। डीएम के कर-कमलों से 6 किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर की खरीदारी हेतु लॉटरी के माध्यम से परमिट दिया गया, जबकि 4 किसानों को पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर यंत्र प्रदर्शन के लिए परमिट प्रदान किया गया। यह मेला 30 दिसंबर 2025 तक चलेगा और किसानों के लिए नई तकनीक सीखने का बड़ा अवसर साबित हो रहा है।
दरभंगा कृषि मेला, कृषि यांत्रिकरण योजना, बहादुरपुर समाचार, किसान अनुदान, कृषि यंत्र मेला, डीएम दरभंगा
#DarbhangaNews #KrishiMela #AgricultureNews #BiharNews #Farmers #KrishiYantrikaran #Kisan


