समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा, आयुक्त ने दिए सख्त और संवेदनशील निर्देश

समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा, आयुक्त ने दिए सख्त और संवेदनशील निर्देश
ICDS योजनाओं की प्रगति पर प्रमंडल स्तरीय बैठक, आंगनबाड़ी संचालन पर विशेष जोर
- प्रधानमंत्री मातृ वंदना और कन्या उत्थान योजना की विस्तृत समीक्षा
- आंगनबाड़ी केंद्र नियमित संचालन के स्पष्ट निर्देश
- पोषाहार, पेयजल और बच्चों की निगरानी पर विशेष फोकस
RxTv BHARAT —
दरभंगा प्रमंडल अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आईसीडीएस की विभिन्न योजनाओं को लेकर प्रमंडल स्तरीय समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल श्री हिमांशु कुमार राय ने की। यह बैठक प्रमंडलीय सभागार में आयोजित हुई, जिसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति और जमीनी हकीकत की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की स्थिति, सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। आयुक्त महोदय ने सभी जिलों के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित हों और किसी भी स्थिति में केंद्र बंद न रहें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लाभार्थियों तक समय पर पहुँचना चाहिए। इसके लिए सभी पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। आयुक्त ने सभी सीडीपीओ को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बच्चों के वजन और ऊँचाई की माप सुनिश्चित करने, निर्धारित मेनू के अनुसार समय पर पोषाहार उपलब्ध कराने तथा बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही रोस्टर बनाकर नियमित जांच करने और एफआरएस (फेस रिकॉग्निशन सिस्टम) में प्रगति लाने के भी निर्देश दिए गए।
आयुक्त महोदय ने यह भी कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यक चार्ट और सूचना पट्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हों, ताकि अभिभावकों और बच्चों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
समीक्षा के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर चावल की आपूर्ति नहीं हो पाई है। इस पर गंभीरता व्यक्त करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिया कि सर्वप्रथम सभी केंद्रों को चावल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
बैठक के अंत में आयुक्त महोदय ने कहा कि सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए सभी अधिकारियों को पूर्ण प्रतिबद्धता, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी भावुक संदेश दिया कि छह साल तक के बच्चों की जिम्मेदारी केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है।
बैठक में आयुक्त सचिव सह उप निदेशक (खाद्य) श्री सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी सह क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य सहित दरभंगा प्रमंडल के सभी जिलों के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) उपस्थित थे।


