दरभंगा में अतिक्रमण पर सख्ती: डीएम ने ऑटो-ई-रिक्शा के लिए 5 जोन बनाने का दिया निर्देश
जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने तथा बढ़ती ट्रैफिक समस्या के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम दरभंगा क्षेत्र में चलने वाले ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा को पांच अलग-अलग जोन में विभाजित करने का निर्देश दिया। प्रत्येक जोन के वाहनों के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित करने की योजना भी बताई गई, ताकि वाहनों की पहचान आसानी से हो सके और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी ऑटो रिक्शा के परमिट की सघन जांच की जाए तथा बिना परमिट या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों पर लगने वाले अवैध ठेलों और अतिक्रमण को हटाने पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लहेरियासराय टावर चौक से लोहिया चौक तक लगने वाले सब्जी और फल के ठेलों को जब्त कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी लहेरियासराय को सड़क किनारे लगे ठेलों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा हाजमा चौक पर अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए और आम नागरिकों को भी नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।




