
🚨 भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी बैठक: मानव तस्करी, शराब तस्करी और जाली नोट पर कड़ा एक्शन तय
मधुबनी में भारत-नेपाल जिला स्तरीय समन्वय समिति की हाईलेवल बैठक, दोनों देशों के अधिकारियों ने सुरक्षा और समन्वय पर बनाई रणनीति
📌 मुख्य बातें :
- भारत-नेपाल सीमा समन्वय समिति की बैठक मधुबनी में आयोजित
- मानव तस्करी, शराब तस्करी और जाली नोट पर हुई बड़ी चर्चा
- दोनों देशों ने सीमा सुरक्षा और सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जताई सहमति
- बॉर्डर पिलर मरम्मत और अतिक्रमण रोकने पर भी बनी रणनीति
- भारत और नेपाल के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने लिया हिस्सा
RxTv BHARAT | मधुबनी | भारत-नेपाल सीमा बैठक
मधुबनी जिले के सौराठ स्थित मिथिला चित्रकला संस्थान में बुधवार को भारत-नेपाल जिला स्तरीय सीमा समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें दोनों देशों के प्रशासनिक, पुलिस एवं सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं नेपाल के सिरहा जिले के सीडीओ सुरेन्द्र पौडेल ने की। बैठक की शुरुआत भारत और नेपाल के राष्ट्रगान के साथ हुई।

बैठक में मानव तस्करी, शराब के भारतीय सीमा में प्रवेश, मादक पदार्थों की तस्करी, जाली नोट, अपराधियों की धरपकड़, सीमा अतिक्रमण, बॉर्डर पिलर की मरम्मत और दोनों देशों के बीच समय पर सूचनाओं के आदान-प्रदान जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
🚔 सीमा सुरक्षा को लेकर दोनों देशों ने दिखाई सख्ती
बैठक में दोनों पक्षों ने खुली सीमा का असामाजिक तत्वों द्वारा दुरुपयोग रोकने पर विशेष जोर दिया। बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए नेपाल के सीमावर्ती जिलों से सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त फील्ड सर्वे, बॉर्डर पिलर की मरम्मत और सभी एंट्री पॉइंट्स पर चौकसी बढ़ाने पर सहमति बनी।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने फेक करेंसी, नशीले पदार्थों की तस्करी और अपराधियों की सूची साझा करने को लेकर अपनी बात रखी।
🤝 भारत-नेपाल के रिश्ते पर जिलाधिकारी का बड़ा बयान
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने नेपाली प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के संबंध सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह पर्वतों, नदियों, सांस्कृतिक विरासत और पारस्परिक सम्मान पर आधारित अटूट रिश्ता है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बेटी-रोटी का संबंध है और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना दोनों देशों की प्राथमिकता है।
नेपाल के सीडीओ सुरेन्द्र पौडेल ने भी बैठक को काफी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह की बैठकें दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगी।
⚖️ दोनों देशों के बड़े अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भारत की ओर से जिलाधिकारी आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, कॉन्सुल सीजीआई बीरगंज एस.बी. कुमार, एडीएम मुकेश रंजन, विभिन्न अनुमंडल पदाधिकारी, एसएसबी अधिकारी एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं नेपाल की ओर से सिरहा, धनुषा, महोत्तरी और सप्तरी जिलों के सीडीओ, एसपी, डीएसपी, आर्म्ड पुलिस फोर्स एवं कस्टम विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
📲 WhatsApp न्यूज़ ग्रुप जॉइन करें





