Hazaribagh Bishnugarh News, हजारीबाग, (विनय पाठक की रिपोर्ट): हजारीबाग स्थित विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंबा क्षेत्र में, 12 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में रविवार को कैंडल मार्च निकाला गया. इस दौरान हजारों लोगों ने सड़क पर उतरकर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई. कैंडल मार्च प्लस टू उच्च विद्यालय से शुरू होकर अखाड़ा चौक, अस्पताल चौक और सात माइल मोड़ तक गया, जहां लोगों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की.
गूंजे नारे, दोषियों को फांसी देने की मांग
कैंडल मार्च में शामिल लोग “बलात्कारियों को सजा दो”, “दोषियों को फांसी दो” और “पीड़िता को न्याय दो” जैसे नारे लगा रहे थे. इस बीच, पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और राज्य सरकार के खिलाफ भी लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की. लोगों का कहना था कि, ऐसी दरिंदगी करने वालों के लिए फांसी से कम कुछ भी मंजूर नहीं है.
Also Read: बोकारो में ‘रील्स’ बनाने के पागलपन ने ली किशोर की जान, मालगाड़ी पर चढ़कर बना रहा था वीडियो
विधायक ने कहा- सजा मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन
कैंडल मार्च में विशेष रूप से शामिल हुए सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि, यह घटना सभ्य समाज पर कलंक है और दोषियों को हर हाल में फांसी की सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि, जब तक आरोपियों को सख्त से सख्त सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनका यह आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
हजारों की संख्या में शामिल हुए लोग, सोमवार को बंदी की अपील
इस कैंडल मार्च में स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं और बच्चियां बड़ी संख्या में मौजूद थीं. सभी ने एकजुट होकर पीड़िता के परिवार के साथ खड़े होने का संकल्प लिया. साथ ही, आंदोलनकारियों ने विष्णुगढ़ बाजार के दुकानदारों से 30 मार्च को स्वेच्छा से अपनी-अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की है. घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
Also Read: धनबाद में खाकी का ‘डांस’ वायरल, लेडी अफसर भोजपुरी गाने पर वर्दी में जमकर थिरकीं
The post हजारीबाग के विष्णुगढ़ में उमड़ा जनसैलाब, 12 साल की मासूम के लिए कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी देने की मांग appeared first on Prabhat Khabar.




