दरभंगा वार्ड 28 में सड़क निर्माण विवाद — हाईकोर्ट आदेश की अनदेखी

बुडको इंजीनियरों की मनमानी, सड़क का स्तर आस-पास की गलियों से ऊँचा, जलजमाव और ढलान का खतरा
RxTv भारत , ब्यूरो दरभंगा: नगर निगम वार्ड नंबर 28 मोगलपुरा में चल रहे नाला और रोड निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार बुडको एजेंसी के इंजीनियर बिना ग्राउंड नेचुरल लेवल सर्वे के सड़क निर्माण कार्य कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि छुट्टी के दिन भी निपा-पोती और लेवल बढ़ाने का काम जारी रहा।
स्थानीय इलाके की तस्वीरों और मीडिया रिपोर्ट से पता चला है कि सड़क का स्तर आसपास की गलियों से लगभग एक हाथ ऊँचा बनाया जा रहा है। इससे बरसात में गलियों में पानी रुकने, घरों में जलजमाव और रास्तों में असंतुलन की संभावना बढ़ रही है।
हाईकोर्ट का आदेश
पटना हाईकोर्ट ने 16 मई 2013 को दीपक मुखर्जी बनाम बिहार सरकार के मामले में स्पष्ट आदेश दिया था कि किसी भी नगर क्षेत्र में सड़क का स्तर प्राकृतिक जमीन से ऊपर नहीं उठाया जाना चाहिए। कोर्ट ने कहा था कि यह अधिकारी और इंजीनियरों की जिम्मेदारी है कि सभी सड़क निर्माण में ग्राउंड लेवल सर्वे अनिवार्य रूप से कराया जाए और नियमों का पालन हो।
हालांकि, वार्ड 28 में इस आदेश का पालन नहीं किया गया। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि यदि सड़क का स्तर इसी तरह ऊँचा बना रहा तो आने वाले समय में दोनों ओर की गलियों और घरों के रास्ते भी प्रभावित होंगे और नागरिकों को अपने खर्च पर घर या रास्ते समतल करवाने पड़ सकते हैं।
जनता और प्रतिनिधियों की मांग
स्थानीय मीडिया और नागरिकों ने अब दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर और छह बार के विधायक एवं मंत्री संजय सरावगी से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
मीडिया का कहना है कि यह मामला केवल सड़क निर्माण का नहीं है, बल्कि नगर निगम और बुडको इंजीनियरों की तकनीकी और प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ा है।
नगर निगम और बुडको इंजीनियरों पर जनता का विश्वास अब प्रभावित हो चुका है। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो यह इलाके के लिए स्थायी जलजमाव और सुरक्षा संकट का कारण बन सकता है।
—


