- थाने के रजिस्टर, केस पंजी और लंबित कांडों की गहन समीक्षा
- ठंड व कोहरा देखते हुए गश्ती बढ़ाने का निर्देश
- समन-BW-NBW, इश्तिहार और कुर्की तामिला पर सख्त निर्देश
RxTv BHARAT, ब्यूरो दरभंगा –
वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा श्री जगन्नाथ रेड्डी ने 10 दिसंबर 2025 को लहेरियासराय थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे। एसएसपी ने दागी पंजी, अपराध पंजी, जेल से छूटे अपराधियों की पंजी, केस डिस्पोजल, दैनिकी, ओडी, गुंडा पंजी और अपराध अनुसंधान पंजी की विस्तृत जांच की।
एसएसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, नामजद अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी तथा विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने सभी लंबित फाइलों, केस डायरी और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में साफ-सफाई, रिकॉर्ड की व्यवस्था और हाजत सुरक्षा की भी समीक्षा की गई।
समन, BW, NBW, इश्तिहार और कुर्की पंजी की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश जारी किया कि समन-BW-NBW की तामिला प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से की जाए, वहीं इश्तिहार और कुर्की को प्राप्ति के 3 दिनों के अंदर तामिल करना सुनिश्चित किया जाए।
बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को गश्ती तेज करने, मुख्य सड़कों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में पेट्रोलिंग बढ़ाने और नियमित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस सायरन का उपयोग बढ़ाया जाएगा ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में भय बना रहे।
शहर में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण पर उन्होंने कहा कि कार्रवाई जारी है, लेकिन वाहनों की बढ़ती संख्या और निर्माणाधीन परियोजनाओं के कारण समस्या बनी हुई है। जल्द ही होमगार्ड बल की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा।
एसएसपी ने फर्जी मानवाधिकार/पुलिस स्टिकर लगाकर वाहन चलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस की पहचान का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन-वे और नो-एंट्री उल्लंघन पर भी उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी हो या निजी—किसी को छूट नहीं मिलेगी।
#DarbhangaPolice #SSPJagnnathReddy #PoliceInspection #TrafficUpdate #CrimeControl #BiharNews




