दरभंगा में दूसरे दिन भी चला अतिक्रमण अभियान — लहेरियासराय टावर से हाजमा चौक तक फिर बुलडोज़र एक्शन

- प्रशासन लगातार एक्शन मोड में
- नहीं हटाया तो जुर्माना लगेगा
- दुकानदारों ने खुद हटाया कब्जा
- कहीं-कहीं तोड़कर भी खाली कराया
RxTv भारत , ब्यूरो दरभंगा –– बिहार में नई सरकार बनने के बाद दरभंगा जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। दूसरे दिन भी लहेरियासराय टावर से हाजमा चौक तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी सड़क, चौक-चौराहा या सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं रहना चाहिए।
इसी आदेश के तहत लहेरियासराय थाना पुलिस ने अपने दल-बल के साथ दोपहर से कार्रवाई शुरू की। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अवैध ठेले, बढ़े हुए शेड, काउंटर और कब्जों को बुलडोज़र की मदद से हटाया गया। कई दुकानदारों ने बुलडोज़र आते ही खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ जगह प्रशासन ने तोड़कर भी खाली कराया।
“सड़क और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहले समझाया जाएगा, फिर फाइन और कड़ी कार्रवाई होगी।”
अतिक्रमण के कारण शहर में जाम की समस्या लगातार बढ़ी है। 2–3 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को घंटे भर लग जाते हैं। इसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नियमित अभियान चलाने का निर्णय लिया है। शुरुआती एक सप्ताह लोगों को समझाया जाएगा; इसके बाद भी अतिक्रमण रहा तो स्पॉट फाइन लगेगा और दंडात्मक कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने सभी थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों और इंस्पेक्टरों को निर्देश दिया है कि वे अपने इलाके की मुख्य सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराएं और रोज़ मॉनिटरिंग करें।
अभियान के दूसरे दिन का असर लहेरियासराय टावर, हाजमा चौक और आसपास के बाजारों में साफ दिखा। कई दुकानदारों ने आगे बढ़े शेड, काउंटर और बोर्ड तुरंत हटा दिए। प्रशासन का कहना है कि ट्रैफिक जाम खत्म होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


