जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
RxTv BHARAT | दरभंगा, बहादुरपुर | शनिवार
👉 NALSA मुआवजा योजना 2018 की दी गई जानकारी
👉 महिला पीड़ितों को मुआवजा प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा
👉 कई ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
महिला पीड़ितों के लिए मुआवजा योजना पर दी गई विस्तृत जानकारी
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़री के प्रांगण में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पैनल अधिवक्ता रामनरेश यादव ने की।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा निर्मित महिला पीड़ितों, यौन उत्पीड़न के उत्तरजीवी एवं अन्य अपराधों के लिए मुआवजा योजना-2018 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना महिलाओं एवं उनके परिजनों को अपराध के कारण हुए नुकसान की भरपाई हेतु सहायता प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित स्वयं या उनके परिजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ एफआईआर की छायाप्रति, चिकित्सा रिपोर्ट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। प्रारंभिक जांच के बाद अंतरिम मुआवजा भी दिया जा सकता है, जबकि अंतिम मुआवजा न्यायालय के निर्णय के बाद प्रदान किया जाता है।
इसके साथ ही उन्होंने नालसा जागृति योजना, आशा स्कीम एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी लोगों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया नागेश्वर पासवान, पीएलवी सतीश पासवान, रमेश पासवान, जुनैद आलम, रामबली यादव, सरफराज आलम, कैलाश कुमार, जीनत परवीन, शमा परवीन, ममता देवी, अनिता देवी, रौशन कुमार दास, मोहम्मद रेहान, रामलोचन सहित कई लोग उपस्थित रहे।




