RxTv BHARAT NEWS
BIHAR NATIONAL TRUSTED NEWS NETWORK

दरभंगा में बाढ़-सुखाड़ को लेकर हाई अलर्ट, 10 जून तक सभी खराब चापाकल दुरुस्त करने का आदेश
🖋️ रिपोर्ट: जॉर्नलिस्ट रोहित | ब्यूरो दरभंगा | RxTv BHARAT

📌 मुख्य बातें
- संभावित बाढ़ और सुखाड़ 2026 की तैयारियों की प्रभारी सचिव ने की समीक्षा।
- 10 जून तक सभी खराब चापाकलों की मरम्मत का आदेश।
- 18 सरकारी और 126 निजी नावों की व्यवस्था तैयार।
- 34 हजार से अधिक पॉलीथीन शीट, 229 आपदा मित्र और 236 गोताखोर उपलब्ध।
- स्वास्थ्य, पशुपालन, राहत एवं बचाव व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश।
दरभंगा, 02 जून 2026। संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव-सह-जिला प्रभारी सचिव राजेश कुमार ने विभिन्न विभागों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया और समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।
बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन तैयार
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में की गई तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान समय में 34,497 पॉलीथीन शीट उपलब्ध हैं। इसके अलावा आगामी वर्षों के लिए भी पॉलीथीन शीट खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

प्रशासन के पास 18 सरकारी नावें उपलब्ध हैं, जबकि 126 निजी नाव मालिकों के साथ भी समझौता किया जा चुका है। आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के लिए 236 प्रशिक्षित गोताखोर, 229 आपदा मित्र, 139 लाइफ जैकेट, 179 टेंट और 2 महाजाल उपलब्ध हैं।
तटबंधों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर
प्रभारी सचिव ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं को सभी तटबंधों का भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त मात्रा में बालू के बैग सुरक्षित रखने तथा उसकी गुणवत्ता की जांच कराने का भी आदेश दिया गया।
10 जून तक सभी खराब चापाकल होंगे ठीक
बैठक में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। प्रभारी सचिव ने पीएचईडी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी खराब चापाकलों की सूची तैयार कर उनका सत्यापन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 10 जून तक सभी खराब चापाकलों की मरम्मत हर हाल में पूरी कर ली जाए। साथ ही सभी जलमीनारों और वॉटर टैंकों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को भी निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि बाढ़ अवधि में उपयोग के लिए 23 प्रकार की जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध हैं। 23 चलंत चिकित्सा दल और पंचायत स्तर पर 333 चिकित्सा दलों का गठन भी किया जा चुका है।
पशुपालन विभाग ने बताया कि पशुओं के उपचार के लिए 38 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं तथा 87 स्थानों को संभावित पशु शिविरों के लिए चिन्हित किया गया है। प्रभारी सचिव ने समय पर टीकाकरण अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।

पेंशन और कृषि योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण को 15 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं कृषि इनपुट योजना से जुड़े लंबित आवेदनों के जल्द निष्पादन का आदेश भी अधिकारियों को दिया गया।
प्रभारी सचिव ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि संभावित बाढ़ या सुखाड़ की स्थिति में आम लोगों को त्वरित राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
📲 RxTv BHARAT WhatsApp Channel
दरभंगा और बिहार की हर बड़ी प्रशासनिक खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहें।
🔗 संबंधित खबरें
👉 5 जून को हर पंचायत में होगी विशेष ग्राम सभा, पर्यावरण संरक्षण पर होगा बड़ा अभियान
👉 डीएम का बड़ा एक्शन! राजस्व कर्मचारी निलंबित, 7 जून तक लंबित मामलों के निपटारे का आदेश




