एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर चार सूत्री मांगों के साथ आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

स्टेशन रोड दुकानदारों का एक दिवसीय धरना, प्रशासन से न्याय की गुहार
एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर चार सूत्री मांगों के साथ आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
- महिलाओं की भागीदारी के साथ लहेरियासराय धरनास्थल पर प्रदर्शन
- बिना पुनर्वास विस्थापन पर रोक की मांग
- सरकारी भूमि पर मार्केट निर्माण कर पुनर्स्थापन का प्रस्ताव
RxTv BHARAT –
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दरभंगा स्टेशन रोड दुकानदार संघ, दरभंगा की ओर से लहेरियासराय स्थित धरनास्थल पर अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष पुट्टू मिश्रा ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्टेशन रोड के दुकानदारों के साथ महिलाओं ने भी भाग लिया और अपनी रोज़ी-रोटी से जुड़ी चिंताओं को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा।
धरना के दौरान संघ की ओर से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दरभंगा प्रमंडलीय आयुक्त से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। संघ के अध्यक्ष पुट्टू मिश्रा ने मांग-पत्र के माध्यम से स्पष्ट कहा कि दुकानदार विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उजड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन में मांग की गई कि दरभंगा स्टेशन से एकमी तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले प्रशासनिक स्तर पर मानवीय और संवैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए स्थानीय दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय स्थापित किया जाए। इसके साथ ही एलिवेटेड रोड निर्माण योजना में संशोधन कर स्टेशन रोड स्थित म्यूजियम गुमटी के पास से निर्माण कार्य शुरू करने की मांग रखी गई, ताकि कम से कम दुकानदार प्रभावित हों।
दुकानदार संघ ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि एलिवेटेड रोड निर्माण के नाम पर किसी भी दुकानदार को पुनर्वास नीति के तहत वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना विस्थापित करने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। संघ ने यह भी प्रस्ताव रखा कि दरभंगा स्टेशन से पश्चिम हराही तालाब के पूरब स्थित बिहार सरकार की भूमि पर विस्थापित होने वाले दुकानदारों को पुनर्स्थापित कर एक व्यवस्थित मार्केट का निर्माण कर उन्हें आवंटित किया जाए। इससे एक ओर सरकार को राजस्व की प्राप्ति होगी, वहीं दूसरी ओर प्रभावित दुकानदारों के लिए सम्मानजनक जीविकोपार्जन का मार्ग प्रशस्त होगा।
धरना प्रदर्शन के बाद प्रमंडलीय आयुक्त से हुई वार्ता को संघ ने सकारात्मक बताया। संघ के अध्यक्ष पुट्टू मिश्रा ने कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त एवं उनके पदाधिकारियों के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड परियोजना से संबंधित बिहार राज्य रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के जनरल मैनेजर (प्रोजेक्ट-2) ब्रज शेन के साथ भी संघ की समस्याओं को साझा किया गया है।
संघ के अनुसार, प्रमंडलीय आयुक्त के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस संबंध में जिलाधिकारी दरभंगा सहित परियोजना से जुड़े संबंधित पदाधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा तथा संघ को भी इसकी लिखित जानकारी दी जाएगी। एक दिवसीय धरना और वार्ता के बाद दुकानदारों में यह उम्मीद जगी है कि उनके हक में न्यायपूर्ण निर्णय अवश्य आएगा।
इस अवसर पर संघ के मुख्य संरक्षक आर.के. दत्ता, कामरेड निरंजन सिंह, संघ के सचिव कारी गामी, रामदुलारी देवी, विपिन कुमार दास, संतोष कुमार सिन्हा, मो. इफ्तेखार, मो. बब्लू, मो. बारीक, हरि शंकर गुप्ता सहित कई अन्य दुकानदार और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्टेशन रोड दुकानदार संघ, दरभंगा न्यूज, एलिवेटेड रोड परियोजना, दुकानदार धरना, पुनर्वास नीति, लहेरियासराय धरनास्थल, स्थानीय व्यापार संकट
#DarbhangaNews #StationRoad #ShopkeepersProtest #ElevatedRoadProject #HumanIssue #BiharNews #RxTvBharat


